जिले के बिहार सीमा पर बसे गंगा पार के तीन गांव शिवपुर दियर, सोमाली और जवहीं दियर में पहली बार सोमवार को बिजली आपूर्ति शुरू की गई। गांव में पहली बार बल्ब जलते ही लोग चहक उठे।
गंगा उस पार के इन गांवों में बिहार से बिजली आपूर्ति शुरू की गई है। आजादी के 68 साल बाद अपने गांवों में नगर विधायक व काबीना मंत्री नारद राय के अथक प्रयास से बिजली आपूर्ति शुरू होने पर लोगों ने उनका आभार जताया।
बिजली आपूर्ति के दिन सोमवार को बाकायदा समारोह का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि सूबे के बेसिक शिक्षा मंत्री मंत्री रामगोविंद चौधरी ने कहा कि इस इलाके को बिजली आपूर्ति दिलाना आसान काम नहीं था।
उन्होंने दियारा क्षेत्र के लोगों को भरोसा दिलाया कि समाजवादी सरकार में उन्हें शहर जैसी सुविधाएं मिलेंगी। कहा कि इस इलाके में शिक्षा का अभाव रहा है लेकिन आप लोगों ने चाहा तो इलाके को माडल स्कूल के साथ ही इंटर तक के विद्यालय भी खोले जाएंगे।
विशिष्ट अतिथि खादी ग्रामोद्योग मंत्री नारद राय ने कहा कि आजादी के 68 साल बाद भी मेरे विधानसभा क्षेत्र के चार गांवों को बिजली नहीं मिलती थी। इससे यहां के लोग अपने क्षेत्र में उपेक्षित महसूस करते थे।
कहा कि इस कमी को दूर करने में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और काबीना मंत्री रामगोविंद चौधरी का सहयोग मिला। अब पुल का भी निर्माण हमारा वादा है। जिसे हर हाल में पूरा किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह ने भी विभागीय अधिकारियों के साथ काबीना मंत्री नारद राय के प्रति आभार जताया। इसके पहले काबीना मंत्री राम गोविंद चौधरी, नारद राय और पूर्वांचल पावर कापोरेशन के एमडी एपी मिश्रा ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस मौके पर नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन लक्ष्मण गुप्ता, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अवध बिहारी चौबे, अनु. जनजाति आयोग के अध्यक्ष व्यास गाेंड, मृत्युंजय राय, भीम चौधरी, बब्लू तिवारी, अजीत यादव, सुभाष यादव, धनजी चौबे, तुलसी चौबे, पूर्व प्रधान मुन्नी लाल यादव, ग्राम प्रधान भूटान सिंह, नंदजी यादव, श्रीप्रकाश, कविंद्र आदि मौजूद रहे।