घायल महिला का अस्पताल में चल रहा उपचार । संवाद
आजमगढ़। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के बाजबहादुर मोहल्ले में बृहस्पतिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रोड किनारे स्थित कादरी मस्जिद के पास कलेक्ट्रेट के पूर्व पेशकार स्वर्गीय अयूब के जर्जर तीन मंजिला मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त मकान में मौजूद एक महिला मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए। अनवरी बेगम के अनुसार घटना सुबह करीब 7 बजे की है। मकान में अनवरी बेगम, 40 वर्षीय बेटा सलीम, 55 वर्षीय बहन सलमा बानो और उनका 15 वर्षीय भांजा मोहम्मद यूसुफ रहते हैं। सुबह के वक्त सलीम अपने काम पर निकल चुका था और यूसुफ स्कूल गया हुआ था। तभी लगातार हो रही बारिश के चलते मकान की ऊपरी फिर दूसरे और तीसरे मंजिल की छत अचानक ढह गई, जिसकी चपेट में आकर अनवरी बेगम और सलमा बानो मलबे के नीचे दब गईं।
तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों महिलाओं को मलबे से बाहर निकाला। हादसे में सलमा बानो को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।