चिलकहर। गड़वार थाना क्षेत्र के बलेसरा गांव में होली के दिन हूई मारपीट की घटना में मृत रोहित के शव का पुलिस बल की मौजूदगी में शुक्रवार की सुबह कुरेजी शवदाह गृह में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इसके उपरांत प्रशासन ने राहत की सांस ली। इस मामले में गुरुवार की देरशाम पुलिस ने 18 नामजद और छह अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। सीओ के निर्देशन में बनी पुलिस टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार लिया है। उधर, गांव में तनाव को देखते हुए अभी भी फोर्स की तैनाती है।
बता दें कि होली के दिन बलेसरा गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में दस लोग घायल हो गए थे, जिसमें रोहित कुमार की मौत बुधवार की देर सायं बीएचयू में हो गयी थी। उधर, मौत की जानकारी पर बलेसरा में तनाव पूर्ण स्थिति बन गयी थी, जिसे देखते हुए गांव में बड़ी तादाद में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। हालात को भांपते हुए सीओ विक्रमजीत सिंह ने स्वयं मोर्चा संभाला और गड़वार थाना प्रभारी राजीव सिंह, सुखपुरा थाना प्रभारी गगनराज सिंह और दुबहड़ के थाना प्रभारी अनिलचंद्र तिवारी की टीम बना कर आरोपियों को गिरफ्तार करनेका निर्देश दिया। पुलिस टीम ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है और उनसे कड़ी पूछताछ कर रही है।
---------------
मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। शीघ्र ही बाकी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- विक्रमजीत सिंह, सीओ, सिटी।