बलिया। होली के दौरान ड्यूटी करने वाले रोडवेज कर्मियों के लिए यूपी परिवहन निगम ने प्रोत्साहन योजना शुरू की है। योजना के तहत ऐसे चालक और परिचालक जो न्यूनतम 10 दिनों की दैनिक ड्यूटी करते हैं, तो उन्हें 350 रुपये प्रति दिवस की दर से 3500 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
यदि कोई चालक-परिचालक पूरे 11 दिनों तक उपस्थित होकर उक्त मानक से अधिक किमी अर्जित करता है तो उसे 400 रुपये प्रतिदिन की दर से 4400 रुपये दिए जाएंगे। योजना 8 से 18 मार्च तक लागू होगी। इस दौरान विशेष परिस्थितियों को छोड़कर अवकाश रद्द रहेगा। आरएम मनोज कुमार वाजपेयी ने बताया कि होली पर्व को देखते हुए कर्मचारियों के उत्साह बर्धन के लिए निगम ने निर्णय लिया है। आजमगढ़ परिक्षेत्र से अधिकांश बसें लखनऊ, कानपुर व दिल्ली चलायी जाएगी। यात्रियों की सुविधा के लिए निगम ने यह कदम उठाया है।