बलिया-सिकंदरपुर मार्ग से करनई गांव में जाने वाली सड़क पर हुआ जल जमाव।संवाद
बलिया। लगातार हो रही बारिश ने ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों की हालत बिगाड़ दी है। जगह-जगह जलभराव और कीचड़ होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई सड़कों पर एक फीट तक पानी लगा है। बारिश के बाद सड़कों पर पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से स्थिति और खराब हो गई है। मुख्य मार्गों के साथ ही मोहल्लों और गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्गों पर भी कीचड़ है। पैदल चलने वालों को पानी और कीचड़ के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। बेल्थरारोड तहसील क्षेत्र के कुंडैल गांव से मुबारकपुर गांव तक करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क पीडब्ल्यूडी ने लगभग तीन साल पहले बनाई थी। सूर्यनाथ यादव के घर के पास 25 मीटर सीसी रोड पर बारिश का पानी लगा है।
समाजसेवी शाहिद समाजवाद ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से तत्काल समाधान की मांग की। उन्होंने सड़क की मरम्मत न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी। पीडब्ल्यूडी के जेई मनीराम ने बताया कि अक्तूबर माह तक सड़क की मरम्मत कराकर उसे दुरुस्त कर दिया जाएगा। सिकंदरपुर मुख्य मार्ग से करनई जाने वाला संपर्क मार्ग बारिश के पानी से जलमग्न हो गया है। इससे राहगीरों और छात्र-छात्राओं को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। मार्ग पर एक महाविद्यालय सहित कई विद्यालय हैं, जिससे विद्यार्थियों को विद्यालय पहुंचने में दिक्कत आ रही है। कई स्थानों पर सड़क और पानी का अंतर स्पष्ट नहीं होने से दुर्घटना की आशंका है। स्थानीय लोगों के अनुसार, जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं है, जिससे बारिश के बाद स्थिति गंभीर हो जाती है। क्षेत्रीय नागरिक डा. श्याम नन्दन मिश्र ने उच्चाधिकारियों से मार्ग के शीघ्र निर्माण और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग की है।