सिकंदरपुर। कभी गुलाबों की नगरी के रूप में पहचान रखने वाली सिकंदरपुर विधानसभा सीट पर भाजपा के संजय यादव विधायक हैं। विधानसभा-2022 में भी भाजपा ने इनपर अपना विश्वास कायम रखते हुए प्रत्याशी बनाया है। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने बिजली, सड़क और नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा देने का वादा किया तो वहीं दूसरी ओर विपक्ष खत्म हो रही फूलों की खेती, बदहाल सड़कें, बड़े अस्पताल का अभाव, छुट्टा मवेशियों की समस्याएं उठा रहे हैं। इसके साथ ही विकास के लिए कोई भी बड़ा कार्य न करने के अलावा सपा सरकार में कराए गए कार्यों का श्रेय लेने का भी आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि भाजपा विधायक ने ऐसा कोई कार्य नहीं कराया जिसे वो गिना सकें। वहीं, सत्ता पक्ष अपने सरकार के कार्यों को गिना रही है।
00000000000
प्रमुख इलाके पूर, सिसोटार, माल्दह, खेजुरी।
00000000000
विधायक निधि
--कुल निधि- 3 करोड़
2021-22--दो वर्ष की निधि कोविड आपदा फंड में गई।
--तीन करोड़ बिजली, सड़क आदि में खर्च किए।
000000000000
मैंने पांच साल के कार्यकाल में हर व्यक्ति तक पहुंचने का काम किया। बिजली और सड़क के बारे में कोई शिकायत नहीं कर सकता। काफी लोगों को बिजली का कनेक्शन दिया गया और गरीबों को नि:शुल्क गैस वितरित कराई गई। सिकंदरपुर में सड़कों का जाल बिछाया गया। जहां बिजली नहीं थी वहां बिजली पहुंचाई गई। गोशाला का निर्माण कराकर उसमें लावारिस पशुओं को रखवाया गया है। टूटी हुई लगभग सभी सड़कों की मरम्मत कराई गई। इस समय क्षेत्र की सभी सड़कें गड्ढा मुक्त हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर दवा, डॉक्टर और स्टाफ की तैनाती करवाई गई। पारदर्शिता के साथ आवास, स्वच्छ शौचालय का आवंटन कराया गया। हर वर्ग को सामाजिक सुरक्षा प्रदान की गई।
संजय यादव, भाजपा विधायक
0000
उपलब्धियां गिनाईं
--खरीद दरौली घाट पर पक्के पुल का निर्माण।
--डूहा बिहरा में राजकीय इंटर कॉलेज का निर्माण।
--पूर में स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण।
--बिजली सब स्टेशन का निर्माण।
--गौरा मदनपुरा गांव में विद्युत सबस्टेशन, फायर स्टेशन के साथ चौकी का निर्माण।
00000000000
प्रतिद्वंद्वी की बात
भाजपा विधायक जहां अपने कामकाज से पूरी तरह संतुष्ट है वहीं विपक्षी उनको सिरे से खारिज कर रहे हैं। बीते चुनाव में दूसरे नंबर पर रहे सपा के मो. जियाउद्दीन रिजवी ने बताया कि विधायक अपने दावों और जनता की उम्मीद दोनों पर भी खरा नहीं उतर रहे हैं। विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, चिकित्सा, सड़क, बिजली, पानी सब बेपटरी है। किसान परेशान और बेहाल है। सिकंदरपुर में फूलों की खेती होती थी, लेकिन वह भी अब समाप्त होने के कगार पर है। आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान खरीद दरौली घाट पर पक्का पुल की स्वीकृति प्रदान की गई थी। पूर में स्पोर्ट्स कॉलेज सपा सरकार ने बनाने की घोषणा की और बजट भी दिया था। इसको वर्तमान सरकार के प्रतिनिधि द्वारा अपना बताया जा रहा है। आज सभी सड़कें खोद कर के गिट्टी डालकर छोड़ दी गई हैं।
00000000000
ये जड़े आरोप
--फूलों की खेती के लिए नहीं बनी कोई योजना। खेती छोड़ रहे किसान।
--पांच साल के दौरान कोई भी नया कार्य नहीं किया गया।
--सिकंदरपुर में मंडी बनाने की योजना ठंडे बस्ते में चली गई।
--सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के नाम पर खोद कर छोड़ा।
000000000000
वोटर बोले
सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र फूलों की खेती के एक बड़ी पहचान के रूप में दर्ज थी, लेकिन खेती में खर्च बढ़ गए और फायदा मिलना बंद हो गया। इसको लेकर किसानों ने धीरे-धीरे अब फूलों की खेती से मुंह मोड़ लिया है। अब दूसरी खेती करने पर विवश हैं।
गोविंद सोनी, मोहल्ला डोमनपुरा।
000000
भाजपा सरकार के दौरान बिजली पर्याप्त मात्रा में मिल रही है। सड़कों की भी मरम्मत कराई गई है। कई सड़कें नई तरह से बनाई जा रही हैं। पिछली सरकार की अपेक्षा इस सरकार में कई कार्य किए गए। गरीबों को निशुल्क राशन, शौचालय और आवास दिए गए हैं।
शिवप्रसाद, अस्पताल रोड।
0000000
खरीद-दरौली घाट पर पक्का पुल की आवश्यकता है। वहीं, जल्द से जल्द स्पोर्ट्स कॉलेज बन जाए ताकि क्षेत्र के युवाओं को उसका लाभ मिले और वह आगे बढ़ सकें।
आदित्य कुमार, फलपूर्वा
00000000
क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के प्रदेश और केंद्र सरकार ने काम किया। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में और काम करने की जरूरत है। करोना जैसी महामारी के कारण जरूर कुछ दिक्कतें आई, लेकिन अब करोना का भय कम हो गया है। तेजी से विकास की जरूरत है।
विजय विक्रम यादव, कोथ