पंदह। खेजुरी थाना क्षेत्र के भूड़ाडीह गांव में रास्ते और नाली निर्माण को लेकर शुक्रवार को हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच मारपीट हुई। धारदार हथियारों से हमले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव में पुलिस निगरानी कर रही है।
थानाध्यक्ष खेजुरी मिथिलेश कुमार के अनुसार, भूड़ाडीह गांव में सड़क और जल निकासी के लिए नाली का निर्माण कार्य चल रहा था। आरोप है कि मोबीन नामक व्यक्ति ने निर्माण कार्य में अवरोध उत्पन्न किया। इस पर पप्पू खां से कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर मोबीन पक्ष के छह लोगों ने धारदार हथियार से पप्पू खां और उनके बड़े भाई सिराजुद्दीन पर हमला कर दिया। इससे सिराजुद्दीन (45) और पप्पू खां (40) घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खेजुरी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सिराजुद्दीन की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इन्हें जिला अस्पताल से वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया लेकिन परिजन मऊ लेकर चले गए, जहां एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में पप्पू खां की ओर से छह लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। थानाध्यक्ष खेजुरी मिथिलेश कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।