फेफना। चितबड़ागांव रोड पर तीखा गांव के सामने बृहस्पतिवार की भोर में स्नानार्थियों से भरी बस व बोलेरो की टक्कर में करीब एक दर्जन स्नानार्थी चुटहिल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां सभी का प्राथमिक उपचार कर छोड़ दिया गया।
मौनी अमावस्या पर ग्राम सिसही, थाना भोरे, जनपद गोपालपुर से लोग भरौली स्नान करने के लिए बोलेरो से जा रहे थे। जैसे ही स्नानार्थियों से भरी बोलेरो तीखा गांव के सामने पहुंची कि अचानक ब्रेकर देख ड्राइवर ने ब्रेक लगा दिया। इस दौरान कुशीनगर से स्नानार्थियों से भरी बस ने पीछे से बोलेरो में टक्कर मार दिया। टक्कर के बाद बोलेरो व बस दोनों असंतुलित हो कर गड्ढे में चले गए। जिसमें करीब दर्जन भर स्नानार्थी चुटहिल हो गए। घायलों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और घटना की सूचना किसी ने मुकामी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छोड़ दिया गया। पुलिस के अनुसार स्नान करने के लिए बिहार से लोग आए थे और रात में कोहरे और नींद की वजह से बस ने बोलेरो में टक्कर मार दी और दोनों ही वाहन खाई में जा गिरे। जिसमें करीब दर्जन भर स्नानार्थी चोटिल हो गए।