बैरिया क्षेत्र के मठ योगेंद्र गिरि चट्टी दो कारों की टक्कर में क्षतिग्रस्त हुई कार।
- फोटो : BALLIA
सड़क हादसे में बाइक सवार एक की मौत, दूसरा घायल
लालगंज। बैरिया थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव के सामने रविवार की देर रात अज्ञात वाहन के धक्के से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। वहीं दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोकटी थाना क्षेत्र के शिवपुर कपूर दियर पंचायत के लगन टोला पुरवा के अमित यादव (25) पुत्र सरल यादव व राजकुमार यादव (30) पुत्र बुटाई यादव अपनी रिश्तेदारी रेवती थाना क्षेत्र के गोपालनगर गांव से बाइक से घर आ रहे थे। चांदपुर गांव के सामने किसी वाहन से धक्का लग गया। हादसे में बाइक सवार अमित यादव की मौके पर मौत हो गई, जबकि राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। राजकुमार को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। वहीं, जयप्रकाश नगर। बैरिया थाना क्षेत्र के मठ योगेंद्र गिरि चट्टी के समीप दो कारों में भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों कारों में सवार दो लोग घायल हो गए। जिन्हें राहगीरों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया।
बिहार के सारण जनपद के खैरा थाना क्षेत्र के मीरा मुसेहरी गांव निवासी मुकुल सिंह का परिवार अपनी कार से रेवती थाना क्षेत्र के पियरौटा गांव में अपने रिश्तेदारी में जा रहा था। मठ योगेन्द्र गिरी चट्टी के समीप उनकी कार बेकाबू होकर बैरिया से मांझी की तरफ जा रही कार में भिड़ गई। इस दौरान दोनों कारों का टायर भी फट गया। उधर, दूसरी कार में सवार लोगों ने बताया कि वे लोग गोरखपुर से बैरिया आये हुए थे और निमंत्रण कर वापस गोरखपुर जा रहे थे। घायल होने वालों में मुकुल सिंह की 15 वर्षीय पुत्री कुमारी मुस्कान सिंह व दूसरी कार में सवार गोरखपुर निवासी राघव प्रसाद सिंह 49 थे।