बैरिया। सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर पेयजल सुविधा के अभाव के कारण गर्मी के इस मौसम में यात्री परेशान हैं। उन्हें पेयजल के लिए स्टेशन परिसर से बाहर चाय, मिठाई की दुकानों पर लगे हैंडपम्प से पानी लेने को मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं, एक नम्बर प्लेटफार्म पर तत्कालीन सांसद भरत सिंह के निधि से स्थापित किया गया आरओ प्लांट वर्षों से खराब पड़ा हुआ है। इसके चलते शुद्ध पेयजल के लिए यात्रियों को बोतल बन्द पानी खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है।
ज्ञात हो कि सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर एक दर्जन से अधिक मेल, एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव है। प्रतिदिन लाखों रुपये का टिकट बिकता है।हजारों लोग इस स्टेशन के रास्ते आते-जाते है।बावजूद इसके यात्रियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए रेलवे के अधिकारी गम्भीर नहीं हैं। उदाहरण के लिए प्लेटफार्म नम्बर दो पर लगाए गए इंडिया मार्का तीन हैंडपंप खराब पड़े हुए हैं। दो नम्बर प्लेटफार्म के यात्री कहां से पेयजल लेंगे। इसका जबाब रेलवे के अधिकारियों व कर्मचारियों के पास नहीं है। ठीक इसी तरह प्लेटफार्म नम्बर एक पर लगा आरओ प्लांट काफी दिनों खराब है उसे भी ठीक कराने के लिए रेलवे के अधिकारी गम्भीर नहीं है। दो-तीन जगह पर पानी टंकी की टोटी लगी है जहां बदबू व सड़ांध के चलते यात्री वहां जाने का साहस नहीं जुटा पा रहे है। गर्मी के मौसम में सुरेमनपुर जैसे महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन पर पेयजल की समुचित व्यवस्था न होना रेल अधिकारियों के कर्तव्य निष्ठा पर प्रश्नचिन्ह लगा रहा है। इस बाबत स्टेशन अधीक्षक एलपी वर्मा ने बताया कि आरओ को ठीक करने के लिए कई बार पत्र भेजा गया लेकिन आरओ को ठीक नहीं किया गया। दो नम्बर प्लेटफार्म पर बन्द पड़े तीनों हैण्डपम्पों को वहां से उखाड़ कर हटाना है क्योंकि वहां कार्य निर्माणाधीन है। जहां तक पानी टंकी के टोटियों के पास दुर्गन्ध व गन्दगी की बात है एक दो दिन में इसे ठीक करा दूंगा।