बीएसए राकेश सिंह को सम्मानित करते राष्ट्र नायक चंद्रशेखर मैराथन समिति के सदस्य और शिक्षक।
रियो ओलंपिक 2016 में सरकार की ओर से भेजी जा रही टीम में शामिल जिला बेसिक शिक्षाधिकारी डॉ. राकेश सिंह के सम्मान में राष्ट्र नायक चंद्रशेखर मैराथन समिति द्वारा शनिवार को तहसीली स्कूल परिसर में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। बता दें कि खोखो संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राकेश सिंह रियो में खोखा फेडरेशन आफ इंडिया का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिसमें समिति के सदस्यों ने फूल मालाओं से बीएसए को लाद दिया। डॉ. सिंह ने कहा कि बलिया के उर्वरा तथा ऊर्जावान मिट्टी ने उन्हें वह आत्मबल दिया है, जिसकी बदौलत वे रियो में भाग लेने जा रहे हैं। राष्ट्रनायक चंद्रशेखर मैराथन समिति व बेसिक शिक्षा बलिया परिवार द्वारा मिलने वाले सम्मान व स्नेह को वे आजीवन याद रखेंगे। समिति के सचिव उपेंद्र सिंह ने कहा कि बीएसए डा. सिंह का खेलों के प्रति अद्वितीय समर्पण ही उन्हें रियो जैसे महाकुंभ ओलंपिक तक ले जा रहा है। शनिवार की शाम को डा. राकेश मुंबई के लिए रवाना हुए जहां से वे रियो जाएंगे।
इस मौके पर प्रवीण तिवारी, शमीर शर्मा, अजय पांडेय, अखिलेश सिंह, सुधीर कुमार सिंह, रणजीत सिंह मंटू, परमात्मानंद यादव, अनुराग श्रीवास्तव, सेतुनाथ सिंह, भोला, अमित सिंह आदि उपस्थित रहे। संचालन प्रवीण यादव ने किया।