मंगलवार की दोपहर से शुरु हुई मानसून की पहली बारिश मे ही नगर पालिका की पोल खुल गई। जलजमाव से आवगमन में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सबसे बड़ी दिक्कत उन क्षेत्र के लोगों को हुई जहां की सड़कें जर्जर हैं।
सीवरेज की खुदाई के बाद खराब पड़ी सड़कों का बुरा हाल रहा। अधिकांश सड़कों पर जलजमाव हो जाने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नगर के जेल रोड पर पुलिस लाइन तथा टैगोर नगर मार्ग पर खराब होने के चलते कई जगहों पर सड़क के बीचो बीच जलभराव की स्थिति रही। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से कलेक्ट्रेट की ओर जाने वाले मार्ग पर भी जलभराव की स्थिति रही।
इसी तरह कचहरी रोड, तहसील प्रांगण व मिड्ढी से एनसीसी चौराहा आने वाली सड़क पर भी जलजमाव रहा।इसी प्रकार नगर के जापलिनगंज, काजीपुर, हरपुर मोहल्ले की सड़कों पर भी जल भर गया। आलम यह रहा कि लोगों को अपने घरों से निकलने में दिक्कतें हुई। बुधवार की भोर में हुई बारिश के बाद अधिकांश मार्गों पर जल भराव देखने लायक रहा।
नगर की सड़कों के किनारे बने नालों की बरसात पूर्व सफाई नहीं होने से भी नगर की स्थिति काफी खराब रही। पानी का निकास न होने के चलते एक ही स्थान पर पानी लग गया था। नरहीं बाजार में सड़क पर बारिश के पानी के जमाव से नारकीय स्थिति उत्पन्न हो गई है। यदि पानी के निकास की यही स्थिति रही तो नरहीं बाजार में एचएच-31 की स्थिति काफी खराब हो सकती है।