बलिया। 48.28 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन बस स्टैंड के कार्य में तेजी नहीं मिलने पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कार्यदायी संस्था को फटकार लगाई।
बृहस्पतिवार को औचक निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण कार्यों की प्रगति देखी। जिलाधिकारी ने बस स्टैंड परिसर का भ्रमण कर निर्माणाधीन कार्यों की स्थिति देखी। उन्होंने तैयार नक्शे का अवलोकन करने के साथ मौके पर चल रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में लेबर, मशीनरी और मैनपावर बढ़ाकर गति लाई जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन निर्माण कार्य की निगरानी करने के निर्देश दिए।
डीएम ने बस स्टैंड के अंदर जाने वाली सड़क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि यहां 30 मीटर चौड़ी सड़क और बड़ा गेट बनाया जाना है। सड़क निर्माण का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा कार्यदायी संस्था को अगले 15 दिनों में निर्माण के कुछ महत्वपूर्ण कार्य हर हाल में पूरा कराने को कहा, ताकि अगली समीक्षा में परियोजना की स्पष्ट प्रगति दिखाई दे। संवाद