नरही में बारिश धंसे मगई नदी पर बनी पुलिया के एप्रोच मार्ग का मरम्मत करते मजदूर।संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी नरहीं (बलिया)। लगातार बारिश से क्षतिग्रस्त हुए नरहीं स्थित मगई नदी पुल के एप्रोच मार्ग और रिंग वॉल की मरम्मत का कार्य मंगलवार से शुरू हो गया था। पुल के रिंग वॉल में भी दरार आने और कई स्थानों पर सड़क धंसने से आमजन में आक्रोश व्याप्त था। आमजन की समस्या को देखते हुए अमर उजाला के सोमवार के अंक में पेज संख्या चार पर हेडिंग ‘14 करोड़ से बने मगई नदी पुल की रिंग वॉल में पड़ी दरार’ नाम से खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी।
खबर को संज्ञान लेकर जिलाधिकारी के आदेश पर सेतु निगम की टीम मंगलवार को रिंग वॉल की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया। बैरिया–थम्हनपुरा–सागरपाली मार्ग को जोड़ने वाला यह पुल करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से वर्ष 2021 में बनना शुरू हुआ था। रविवार की तेज बारिश के कारण पुल के दोनों ओर एप्रोच मार्ग चार स्थानों पर धंस गया था। साथ ही सुरक्षा के लिए लगाए गए पत्थर के बोल्डर भी खिसकने लगे थे। मंगलवार को कार्यदायी संस्था के मजदूरों और मिस्त्रियों ने क्षतिग्रस्त रिंग वॉल की मरम्मत के साथ एप्रोच मार्ग को दुरुस्त करने का कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही मरम्मत पूरी होने से मार्ग सुरक्षित हो जाएगा।