गणतंत्र दिवस के लिए परेड का पूर्वाभ्यास शनिवार को पुलिस लाइन में किया गया। इसमें डमी मुख्य अतिथि भीमनाथ राय ने मार्च पास्ट की सलामी ली।
इस दौरान अलग-अलग गारद की टुकड़ियों ने मुख्य अतिथि को सलामी देते हुए मार्चपास्ट का फाइनल रिहर्सल किया। इसमें बैंड बाजे की धुन पर परेड कर रहे जवान कदम से कदम मिलाकर ग्राउंड के चारों तरफ वर्दी में दुरुस्त नजर आए। इस दौरान मिली मामूली कमियों को एएसपी ने दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
शनिवार सुबह करीब नौ बजे रिहर्सल के दौरान सलामी मंच के सामने से आगे बढ़ते ही टोली कमांडर के सामने देख के निर्देश पर सभी कदम से कदम मिलाकर चल रहे थे।
परेड के आगे पुलिस बैंड के बाद आर्म्स पुलिस की टोली, उसके पीछे जिला पुलिस की टोली चल रही थी। इसी क्रम में पीएसी जवान, एनसीसी के दोनों बटालियन के कैडेटों के साथ ही गर्ल्स कैडेट भी कदम से कदम मिलाकर चल रहे थे।
रेडियो शाखा की झांकी के साथ पुलिस प्रयोगशाला डिवीजन के वाहन, अग्नि शमन तथा अन्य इकाईयों की झांकियां मन मोह रही थीं। परेड का कुशल संचालन फर्स्ट कमांडर क्षेत्राधिकारी लाइन अंशुमान मिश्र, द्वितीय कमांडर सीओ पीयूष कुमार सिंह और तीसरे कमांडर के रूप में रामअशीष संभाल रहे थे।