बलिया। संक्रमण ने लोगों के जीवन के साथ शिक्षा व्यवस्था में भी बड़ा बदलाव कर दिया है। अब यूपी बोर्ड के विद्यालयों को छात्रों के सालभर के अंक माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करने होंगे। यह व्यवस्था इस बार लागू हुई है। यूनिट टेस्ट, अर्द्धवार्षिक परीक्षा के अलावा वार्षिक और प्री बोर्ड परीक्षा के अंक भी आनलाइन किए जाएंगे।
पिछले साल कोरोना की वजह से स्कूलों में परीक्षाएं नहीं हो पाई। कई स्कूलों ने अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं नहीं कराई तो कई जगहों पर अंतिम परीक्षा और प्री-बोर्ड परीक्षा कराई गई तो छात्र-छात्राओं को मिलने वाले अंकों के रिकार्ड नहीं रखे गए कई विद्यालयों को गृह परीक्षा के दौरान ही कोरोना की वजह से बंद करना पड़ा। इस बार यूपी बोर्ड परीक्षा नहीं हुई और कक्षा नौ से 12 तक स्कूली परीक्षा व टेस्ट के औसत अंक के आधार पर रिजल्ट जारी किया गया। यह निर्णय इसलिए लिया गया है ताकि बोर्ड को रिजल्ट को लेकर कोई परेशानी हो तो उसके पास पहले से ही औसतन अंकों का आधार हो। ऐसे में स्कूलों को अंकों का रिकॉर्ड अपने पास रखना होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. ब्रजेश मिश्र ने बताया इस बार यूनिट टेस्ट के साथ बाकी परीक्षाओं को भी वेबसाइट पर अपलोड करने का निर्देश है। अभी अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं चल रही हैं। इसके बाद कक्षा 10 और 12 के छात्रों की प्री-बोर्ड परीक्षाएं होंगी। जबकि बाकी कक्षाओं की गृह परीक्षा होगी। इस दौरान भी यूनिट टेस्ट होंगे। इन सभी के अंक ऑनलाइन अपलोड होंगे।