बांसडीह। क्षेत्र के करीब 12 से अधिक निजी विद्यालयों ने मान्यता किसी और बोर्ड की ली है और विद्यालय में पढ़ाई किसी और बोर्ड की कराई जा रही है। अधिकारियों की मिलीभगत से स्कूल प्रबंधन की ओर से यह खेल किया जा रहा है।
जिन विद्यालय ने यूपी बोर्ड की मान्यता ले रखी है, उस विद्यालय में सीबीएसई बोर्ड की पढ़ाई कराई जा रही है। इस खेल में कहीं न कहीं अधिकारियों की मिलीभगत का लाभ विद्यालयों संचालकों को मिल रहा है। विद्यालय किसी तरह से छात्रों और अभिभावकों को प्रलोभन देकर एडमिशन करा लेता है। बाद में शोषण कर रहा है। इस बाबत खंड शिक्षाधिकारी सुनील चौबे ने बताया कि जिन निजी विद्यालयों की मान्यता यूपी बोर्ड की है और पढ़ाई सीबीएसई बोर्ड की कराई जा रही है, उसे चिह्नित किया जा रहा है। जिन विद्यालयों की मान्यता यूपी बोर्ड से आठवीं तक की है। वहां 10वीं और 12वीं तक की पढ़ाई करा रहे हैं, उनकी भी जांच हो रही है।