मनियर। क्षेत्र के कस्बा स्थित चान्दू पाकड़ में सोमवार की रात शॉर्ट सर्किट से लगी आग से रेडीमेड की दुकान में करीब आठ लाख का कपड़ा जलकर राख हो गया। मकान मालिक की सूचना पर पहुंचे दुकानदार ने जाकर थाने पर इसकी सूचना दी। सूचना के कुछ देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची तब तक आसपास के लोगों ने आग पर काबू पा लिया था।
बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के मनियर चांदु पाकड़ चौराहे के पास वार्ड नंबर 12 में पिलुई निवासी सत्येंद्र सिंह की रेडीमेड दुकान है। रोज की तरह सोमवार की रात में दुकान बंद करके अपने घर पिलूई चला गया था। आधी रात के बाद मकान मालिक मासूम अली के पुत्र ने दुकानदार को फोन पर सूचना दी कि तुम्हारी दुकान से धुआं उठ रहा है। दुकानदार तत्काल दुकान पर पहुंचा और दुकान का ताला खोला और डॉयल 100 पर सूचना देना चाहा लेकिन नंबर कनेक्ट न होने के कारण उसने थाने पर सूचना दी। थाना की सूचना पर पहुची फायर ब्रिगेड की गाडी मौके पर पहुंची। इसके पूर्व ही स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया था। दुकानदार के अनुसार करीब आठ लाख रुपये का सामान दुकान में रखे थे जो जलकर राख हो गया।