बलिया। स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करने वाली आरबीएसके टीम के चिकित्सकों की लापरवाही बरतने की शिकायत पर सीएमओ डा. विजयपति द्विवेदी के नेतृत्व में 12 टीमों ने आरबीएसके की 34 टीमों के कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आरबीएसके टीम की लापरवाही मिली। टीम में शामिल 105 चिकित्सक, फार्मासिस्ट व एएनएम में करीब 12 चिकित्सक, 10 फार्मासिस्ट व 11 एएनएम गायब मिलीं। विभाग इनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
सीएमओ के निर्देश पर जांच टीम संबंधित स्कूल व आंगनबाड़ी केन्द्र पर पहुंची तो पता चला की आरबीएसके टीम लंबे समय से बच्चों का परीक्षण करने नहीं आ रही है। स्कूल के शिक्षक, प्रधानाचार्यों व आंगनबाड़ी का मोबाइल नम्बर भी गलत दर्ज मिला, जिससे उनके कार्यों की जांच भी नहीं हो पा रही थी।
आंगनबाड़ी केन्द्रों पर भी टीम नहीं जा रही है। स्कूलों में परीक्षण करने गई टीम के चिकित्सक व अन्य कर्मचारी डयूटी से गायब मिले। जिले के 17 ब्लाॅकों में 34 आरबीएसके की टीम है। हर ब्लाॅक स्तर पर दो-दो टीम। एक टीम में एक चिकित्सक, एक फार्मासिस्ट, एक एएनएम तैनात हैं। औचक निरीक्षण की खबर पर आरबीएसके चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों में खलबली मच गई, जो जहां था, वह भागा-भागा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा, लेकिन जांच टीम से मुलाकात नहीं हो सकी। सीएमओ विजयपति द्विवेदी ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनुपस्थित चिकित्सकों का वेतन रोकने के साथ विभागीय कार्रवाई तय है।