फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ballia News: जगन्नाथ पुरी की तर्ज पर निकली रथयात्रा...महावीरी झंडा जुलूस में उमड़े लोग

विज्ञापन
सिकंदरपुर कस्बा में निकाली गई महावीरी झंडा जुलूस में करतब दिखाते कलाकार।संवाद
विज्ञापन
सिकंदरपुर। कस्बे की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत करते हुए बृहस्पतिवार की शाम चतुर्भुजनाथ मंदिर से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा एवं महावीरी झंडा जुलूस श्रद्धा, शौर्य और उत्साह के साथ निकाला गया।
विज्ञापन

ओडिशा के जगन्नाथपुरी की तर्ज पर आयोजित इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे नगर में भक्ति, उल्लास और उत्सव का माहौल देखने को मिला। शाम होते ही मैनापुर, रहिलापाली, भीखपुरा, बढ़्ढा, चकखान, महाबीर स्थान, जलालीपुर, बस स्टेशन, बाजार चौक सहित विभिन्न मोहल्लों के अखाड़ों की आकर्षक झांकियां अपने-अपने स्थानों से पारंपरिक मार्गों से होते हुए जलपा चौक पहुंचीं और चतुर्भुजनाथ मंदिर से निकले भगवान जगन्नाथ के रथ के पीछे शामिल हो गईं। धार्मिक संदेशों और मनमोहक सजावट से सजी झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। जुलूस के दौरान युवाओं ने लाठी, भाला एवं अन्य पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र कलाओं का प्रदर्शन कर शौर्य का परिचय दिया। हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयघोष से पूरा नगर गुंजायमान रहा।
विशाल आयोजन को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमबीर सिंह देर रात तक अति संवेदनशील रशीदिया मस्जिद क्षेत्र में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई, जबकि प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था रही। सुरक्षा व्यवस्था में ढाई कंपनी पीएसी, तीन अपर पुलिस अधीक्षक, 12 उपजिलाधिकारी, आठ क्षेत्राधिकारी, 51 निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष, 207 उपनिरीक्षक, 1097 कांस्टेबल, 51 महिला पुलिसकर्मी, 28 ट्रैफिक कर्मी, 81 होमगार्ड, क्यूआरटी, फायर ब्रिगेड तथा मेडिकल टीमों की तैनाती की गई थी।
विज्ञापन


भक्तिमय रंग में रंगा रहा पूरा कस्बा
रथयात्रा और महावीरी झंडा जुलूस को लेकर पूरा कस्बा केसरिया ध्वजों, भगवा पताकाओं, रंग-बिरंगी रोशनी, स्वागत द्वार और धार्मिक बैनरों से सजा रहा। मिल्की मोहल्ले का जुलूस पारंपरिक मार्ग से डाकखाना, जलपा चौक और बस स्टेशन चौराहा होते हुए सबसे पहले अपने स्थान पर पहुंचकर संपन्न हुआ। वहीं अन्य अखाड़ों के जुलूस भगवान जगन्नाथ के रथ के साथ रशीदिया मस्जिद, गांधी मोहल्ला, भीखपुरा और डोमनपुरा होते हुए देर रात चतुर्भुजनाथ मंदिर पहुंचकर संपन्न हुए।
-
श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे सामाजिक संगठन
नगर पंचायत सिकंदरपुर एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जगह-जगह शरबत, महाप्रसाद, फल एवं पेयजल की व्यवस्था की। स्वागत शिविरों पर श्रद्धालुओं का सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी, पूर्व मंत्री राजधारी सिंह, पूर्व विधायक भगवान पाठक, भाजपा नेता विजय रंजन, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि संजय जायसवाल, समाजसेवी प्रयाग चौहान, डॉ. उमेश चंद, विजय जायसवाल, आकाश तिवारी, प्रमोद गुप्ता, बबलू मास्टर, गणेश सोनी, गणेश वर्मा, सतीश जायसवाल, अनूप जायसवाल, राकेश सिंह, राकेश यादव, सरतेज यादव, लालबचन प्रजापति सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

सिकंदरपुर कस्बा में निकाली गई महावीरी झंडा जुलूस में करतब दिखाते कलाकार।संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें