बैरिया क्षेत्र के रानीगंज में भटकते हुए पहुंचकर बेहोश हुआ मध्यप्रदेश का प्रवासी श्रमिक।
- फोटो : BALLIA
बैरिया। गुजरात के बड़ोदरा से मध्यप्रदेश के विदिशा जाने के लिए निकला एक कामगार युवक का भोजन न मिलने से मानसिक संतुलन बिगड़ गया। वह दो राज्यों में भटकता हुआ बलिया के रानीगंज बाजार में पहुंचा। भूख-प्यास से व्याकुल होने के कारण वह सड़क पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया। सूचना पर चिकित्सीय टीम के साथ मौके पर पहुंचे प्रभारी तहसीलदार रजत सिंह ने थर्मल स्क्रीनिंग कराने के बाद दो पैकेट बिस्कुट खरीद कर दिया, पानी पिलवाया और वहीं टिन शेड में आराम करने को कहकर वापस लौट गए।
मध्य प्रदेश के विदिशा निवासी अरविंद सिंह (30) गुजरात के बड़ोदरा के किसी प्राइवेट कंपनी में काम करता था। लॉकडाउन के कारण कंपनी बंद हो गई और कई दिनों तक भूखे रहने के बाद श्रमिक एक्सप्रेस पकड़कर मध्य प्रदेश आने की जगह पंजाब के जालंधर पहुंच गया। वहां से श्रमिक स्पेशन ट्रेन पकड़कर गोरखपुर पहुंचा। वहां पुलिस ने रोककर पूछा कि कहां जाना है तो अरविंद ने विदिशा जाने की बात बताई। पुलिस वालों ने एक ट्रक पर बैठा दिया, जो ले जाकर प्रयागराज उतार दिया। वहां से फिर कोई वाहन पकड़कर अरविंद बलिया पहुंचा और बलिया से पैदल भटकते हुए गुरुवार को रानीगंज बाजार पहुंचा जहां भूख-प्यास के कारण सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना 108 नंबर एंबुलेंस को दी। सूचना पर प्रभारी तहसीलदार रजत सिंह चिकित्सीय टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युवक का थर्मल स्क्रीनिंग के बाद बिस्कुट व पानी देकर चले गए। इस बाबत पूछने प्रभारी तहसीलदार रजत कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल इन्हें बाबा लक्ष्मण दास द्वाबा राष्ट्रीय इंटर कॉलेज बैरिया में बने क्वारंटीन सेंटर पर रखवाया जाएगा। जैसे ही वाहन की सुविधा मिलेगी युवक को घर भेजवाने की व्यवस्था की जाएगी।