ट्रेनों के इंतजार में प्लेटफार्म पर बैठे यात्री।संवाद
बलिया। गलन भरी ठंड बढ़ने के साथ ही ट्रेनों की लेट लतीफ शुरू हो गई है। ट्रेनें दो से चार घंटा देरी से चल रही हैं। शनिवार को रामबाग-बलिया पैसेंजर ट्रेन शाम की जगह देर रात में पहुंची। दूर दराज के यात्रियों को स्टेशन पर ठिठुर कर समय काटना पड़ा। टिकट काउंटर के पास ट्रेन का इंतजार करते रहे।
रेलवे स्टेशन पर रविवार को 14524 हरिहर नाथ एक्सप्रेस, बरौनी- ग्वालियर स्पेशल व बलिया-शाहगंज पैसेंजर निरस्त रही। 4650 सरयू यमुना एक्सप्रेस ट्रेन आठ घंटा लेट रही। 12562 दिल्ली- जयनगर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस निर्धारित समय से सुबह 10.45 बजे की जगह चार घंटे लेट 2.34 बजे पहुंची। 22428 भृगु एक्सप्रेस 2.44 घंटा विलंब से पहुंची, 09526 नाहरलगुल-हापा 4.20 घंटे देरी से दोपहर 1.47 बजे पहुंची। शनिवार की रात 19046 सूरत ताप्ती गंगा एक्सप्रेस 10.10 बजे की जगह एक घंटा लेट से पहुंची। प्रयागराज रामबाग- बलिया पैसेंजर रात 9.30 बजे की जगह 12.35 बजे पहुुंची।
टिकट काउंटर हाॅल पैक होनेे के कारण कम ठंड होने से कई यात्री चादर ओढ़कर दुबके बैठे थे। करीब 17 से अधिक यात्री जहां-तहां बैठे व लेटे हुए थे। पंदह निवासी मनोज कुमार ने बताया कि मुंबई जाने वाली ट्रेन पवन में भीड़ ज्यादा थी, अब कल दादर ट्रेन से जाऊंगा। यात्री विश्रामालय में करीब 28 लोग थे।