बलिया। भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को गरीबों का बकाया बिजली बिल माफ करने और प्रत्येक गरीब को 200 यूनिट फ्री बिजली देने की मांग को लेकर रेलवे स्टेशन से श्रीराम चौधरी के नेतृत्व में रैली निकाली। रैली चित्तू पांडेय चौराहा, रोडवेज, टीडी काॅलेज चौराहा होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित दस सूत्री ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा।
ज्ञापन में स्मार्ट मीटर योजना रद्द करने, विद्युत वितरण निगम के निजीकरण पर रोक लगाने, गरीबों को बगैर किसी गारंटी के सरकारी बैंकों से कर्ज दिलाने की मांग की। माइक्रो फाइनेंस कंपनियों से कर्ज लेने वालों के उत्पीड़न पर रोक लगाने, सरकारी राशन की दुकानों से मिट्टी तेल की व्यवस्था करने, सरकारी जमीनों पर पीढ़ियों से आबाद लोगों की आबादी दर्ज करने की मांग की। नजूल भूमि कानून आदि वापस लेने की मांग की।
श्रीराम चौधरी ने कहा कि गरीबों का बिजली बिल, तेंलगाना, दिल्ली, झारखंड, कनार्टक की सरकार माफ कर सकती है और 200 यूनिट फ्री बिजली दे सकती है, तो यूपी की भाजपा सरकार क्यों नहीं कर सकती। इस दौरान ओम प्रकाश सिंह, लाल साहब, बसंत सिंह, लक्ष्मण यादव, राधेश्याम चौहान आदि रहे।