बैरिया। उपजिलाधिकारी न्यायालय कक्ष में रेवती ब्लाॅक की दतहां ग्राम पंचायत के प्रधान पद के लिए पुनर्मतगणना बुधवार को हुई। मौजूदा प्रधान राकेश यादव पुनः एक मत से विजयी घोषित किए गए। उक्त मौके पर न्यायालय के बाहर पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा।
उपजिलाधिकारी न्यायालय में चार वर्ष से पंचायती राज्य अधिनियम के तहत सुमन और राकेश के बीच मुकदमा विचाराधीन था। इसके बाद मामले में विपक्षी सुमन देवी ने उच्च न्यायालय में रिट दाखिल कर दी। उच्च न्यायालय ने उपजिलाधिकारी बैरिया को तीन माह के अंदर मुकदमे के निस्तारण का आदेश दिया। तहसील प्रशासन की ओर से तीन बार पुनर्मतगणना निरस्त की गई। चौथी बार बुधवार पुनर्मतगणना उपजिलाधिकारी न्यायालय में सम्पन्न हुई।
न्यायालय का दरवाजा बंद कर वीडिओ रिकाॅर्डिंग के बीच पुनर्मतगणना का कार्य हुआ। उपजिलाधिकारी आलोक प्रताप सिंह ने बताया कि कुल पांच प्रत्याशी प्रधान पद के लिए थे। कुल मतों की संख्या 1524 थी। इसमें 48 मतों को अमान्य किया गया। कुल 1476 मतों में राकेश यादव को 684 मत मिले, जबकि विपक्षी को 683 वोट मिले। इस तरह एक वोट से राकेश यादव को विजयी घोषित किया गया। 62 वोट पाकर हरख यादव तीसरे नंबर पर रहे। इस तरह पुनर्मतगणना में भी पुनः राकेश यादव ही प्रधान बने। विजयी प्रत्याशी को तहसीलदार राजीव कुमार राय ने विजयी होने का प्रमाण पत्र दिया। मौके पर बीडीओ रेवती शकील अहमद, तहसीलदार राजीव कुमार राय, नायब तहसीलदार रजनीश कुमार, कानूनगो शिवकुमार गुप्त आदि उपस्थित रहे।