बलिया। जिले के प्रांतीय सीमावर्ती इलाका छपरा सीमा के पास स्थित उर्वरक व कृषि रसायन की दुकानों पर कृषि विभाग के अधिकारियों व पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। सभी दुकानों की जांच की गई और संदिग्ध मिलने पर उर्वरक की पांच व कृषि रसायन के दो नमूने लिए और जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
जिला कृषि अधिकारी विकेश कुमार, जिला कृषि रक्षा अधिकारी प्रियानंदा के साथ बैरिया पुलिस की की टीम ने जयप्रकाश नगर, सिवन टोला एवं दलन छपरा स्थित उर्वरक दुकानों पर छापेमारी की। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि छापेमारी के दौरान अंकित खाद भंडार, जय बजरंगबली खाद भंडार, राज खाद भंडार, किसान सेवा केंद्र, विश्वनाथ सिंह खाद भंडार, शक्ति धाम खाद भंडार, कुशवाहा खाद भंडार, जय मां वैष्णो खाद भंडार, बाबा खाद भंडार, जगत खाद भंडार, ओम ट्रेडर्स, आदित्य ट्रेडर्स की दुकानों पर उर्वरक के स्टॉक का मिलान किया गया। इसके अलावा संदिग्धता की स्थिति में उर्वरक के पांच नमूने एवं कृषि रक्षा के दो नमूने लिए गए तथा जांच हेतु प्रयोगशाला में भेजने की कार्रवाई की गई। सीमावर्ती क्षेत्रों के दुकानदारों को निर्देश दिए गए हैं कि अन्य राज्यों को उर्वरक की आपूर्ति कदापि न करें अन्यथा उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। किसान आधार नम्बर और जोत बही के माध्यम से उर्वरक की खरीद अपनी आवश्यकता के अनुसार कर सकते हैं। बताया कि उर्वरक संबंधी किसी भी समस्या के निस्तारण हेतु जनपद स्तर पर उर्वरक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है जिसका मोबाइल नंबर 7839882474 है। इस पर कोई भी कृषक सुबह 10 से सायं पांच बजे तक संपर्क कर अपनी समस्या से अवगत करा सकते हैं। जनपद में वर्तमान में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है साथ ही लगातार आवश्यकतानुसार उर्वरक की आपूर्ति होती रहेगी। उर्वरक की यदि कहीं कोई भी मिलावट संबंधी जानकारी मिलती है तो जिला कृषि अधिकारी के मोबाइल नंबर 7007809394 पर सूचित कर सकते हैं, सूचना कर्ता के नाम एवं पते को गोपनीय रखते हुए संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
अनियमितता पाए जाने पर इस वर्ष उर्वरक की 18 दुकानें निरस्त की गई हैं एवं एक के विरुद्ध एफआइआर भी दर्ज कराया गया है। इसके अलावा बलिया एवं मऊ बॉर्डर पर एक नकली उर्वरक बनाने की फैक्ट्री को पकड़ते हुए जिला कृषि अधिकारी मऊ के माध्यम से एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की गई।