बलिया नगर के रामलीला मैदान में चल रहे रामलीला मंचन के दौरान भरत मिलाप का भव्य जुलूस शुक्रवार शाम निकाला गया। यह जुलूस स्व. नारायण जी के दरवाजे से निकाला गया।
नगर भ्रमण करते हुए जुलूस शहीद चौक में पहुंचा। जहां पर भरत मिलाप हुआ। श्रीराम और भरत का प्रेम देख दर्शक भावुक हो गए। श्रीराम के जयघोष से पूरा वातावरण श्रीराममय हो गया।
दशहरे के दिन लंकापति रावण का वध करने के बाद प्रभु श्रीराम ने रावण के भाई विभीषण का राजतिलक कर लंका की राजगद्दी सौंपी। इसके बाद वहां से माता सीता, भाई लक्ष्मण और भक्त हनुमान के साथ अयोध्या पहुंचे।
जहां अयोध्यावासियों ने प्रभु श्रीराम समेत सभी का स्वागत किया। इस अवसर पर नगर में चल रहे रामलीला मंचन के दौरान भरत को लेकर भव्य जुलूस स्व. नारायण जी के दरवाजे से तथा जापलिनगंज स्थित स्व. वंशीलाल के दरवाजे से प्रभु श्रीराम का जुलूस निकाला गया, जो नगर का भ्रमण करते हुए नगर के शहीद चौक पार्क पहुंचा।
जहां भरत और प्रभु श्रीराम एक दूसरे से गले मिले। जिसे देख दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। जय दौरान जय श्रीराम के जयकारे से पूरा नगर राममय हो गया। उधर रसड़ा के ब्रह्मस्थान (हल्दीहट्टा) मुहल्ला में भरत मिलाप का भावपूर्ण मंचन किया गया।