बलिया में पशु तस्कर सक्रिय हैं। स्थानीय जनता की माने तो रात के अंधेरे में सक्रिय तस्कर वाहनों के सहारे पशु तस्करी को अंजाम देते हैं और पुलिस इस पर चुप्पी साधे हुए है। मामला तब पूरी तरह से सामने आया जब पशुओं से भरी पिकअप खंभे से जा टकराई और आवाज सुन ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए और पुलिस वाहन को थाने ले गई।
चिलकहर स्थित गड़वार थाना क्षेत्र के झंगही गांव के समीप रविवार की रात 11 बजे पशुओं से भरी पिकअप खंभे से जा टकराई। तेज आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस वाहन सहित पशुओं को थाने ले आई। पशु तस्कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भागने में सफल रहे। ग्रामीणों का आरोप था कि प्रत्येक दिन इसी मार्ग से पशुओं से लदे वाहन गुजरते हैं। पुलिस की मिलीभगत से यह धंधा बदस्तूर जारी है। इसको लेकर क्षेत्रीय लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त है।
विज्ञापन
सूत्रों के अनुसार प्रत्येक दिन चिलकहर-कुरेजी नहर मार्ग, पियरिया मार्ग से पशुओं से लदे वाहन निकलते हैं। कई बार तो ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले भी किया, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। रविवार की रात बेतरतीब तरीके से एक ही पिकअप में सात गोवंश को बुरी तरह बांधकर भूसे की तरह भर गया था। वाहन अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा गया। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। अंधेरे का फायदा उठाते हुए पशु तस्कर तथा चालक भागने में सफल रहा।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस वाहन सहित पशुओं को थाने ले गई। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर अज्ञात पशु तस्करों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पिकअप को सीज कर दिया है।