बेल्थरारोड कस्बा में कृषि मंडी के निकट इंडियन क्लब के दुर्गा पूजा पंडाल की कार्यकर्ताओं पर लाठी
बेल्थरारोड/चौकियामोड़। उभांव थाना अंतर्गत कृषि मंडी के निकट इंडियन क्लब के दुर्गा पूजा पंडाल के कार्यकर्ताओं पर मंगलवार की रात पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इसको लेकर चार घंटे तक हंगामा हुआ। घटना के विरोध में क्लब के सदस्य और श्रद्धालु धरने पर बैठ गए और थाना प्रभारी को हटाने की मांग अड़ गए। रात 11 बजे से सुबह तीन बजे तक गहमा-गहमी बनी रही।
माहौल गरमाने पर आसपास के थानों की पुलिस फोर्स मौके पर बुला ली गई। नगरा, सिकंदरपुर, रसड़ा, पकड़ी, खेजुरी सहित कई थानों पुलिस हालात संभालने में लगी रही। घटना की सूचना पर एएसपी दिनेश शुक्ला व सीओ आलोक गुप्ता मौके पर पहुंचे। लोगोें से बात की। उभांव थाने के प्रभारी आरपी सिंह को हटाकर संजय शुक्ला को प्रभारी बनाया गया। जिसके बाद धरना समाप्त हुआ।
इंडियन क्लब के अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि पूजा पंडाल के पास सड़क पर बाइक व कार में टक्कर हो गई। इसको लेकर दोनों चालकों में कहासुनी हो गई। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी आरपी सिंह बिना कहे-सुने वहां मौजूद लोगों की पिटाई शुरू कर दी। इससे भगदड़ मच गई और कई लोग चोटिल हो गए। घटना से आक्रोशित सदस्यों ने लाइट बंद कर पंडाल के पास धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना के विरोध में नगर क्षेत्र की अन्य पूजा समितियों ने भी अपने-अपने पंडाल की लाइट बुझा दी। साथ ही पुलिस प्रशासन के विरोध में नारे बाजी शुरू कर दी। मौके पर पहुंचे सीओ आलोक गुप्ता ने प्रदर्शन कर रहे सदस्यों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने।
करीब तीन-चार घंटे बाद एएसपी दिनेश शुक्ला मौके पर पहुंचे तथा सदस्यों से घटना की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने एसपी ओमवीर सिंह को मामले से अवगत कराया। उन्होंने तत्काल प्रभाव से थाना प्रभारी को पुलिस लाइन हाजिर कर दिया। उभांव थाने की कमान आईजीआरएस प्रभारी संजय शुक्ला को सौंपी। एएसपी ने कहा कि मामले की जांच सीओ द्वारा की जाएगी। रात में ही संजय शुक्ल ने थाने का कार्यभार ग्रहण कर पूजा समिति के सदस्यों से मुलाकात की तथा क़ानून व्यवस्था बनाए रखने में अपील की।