नरहीं। भरौली गोलंबर स्थित स्वामी सहजानंद सरस्वती पार्क और प्रतिमा को अन्यत्र हटाने की जानकारी होने पर विरोध शुरू हो गया है। रविवार को स्वामी सहजानंद सरस्वती पार्क में बलिया, गाजीपुर, बक्सर जिलों के लोग पहुंचे।
जिलाधिकारी बलिया और एनएचएआई के निर्णय का विरोध किया। साथ ही मांग न माने जाने पर अनशन की चेतावनी दी।
बिहार-उत्तर प्रदेश की सीमा पर एनएचएआई की ओर से गंगा नदी पर बनाए जा रहे तीन लेन के नए पुल की जद में आ रहे पार्क को हटाने के मामले में वक्ताओं ने कहा कि चित्तू पांडेय, मंगल पांडेय सहित अनेक महापुरुषों की प्रतिमाएं सड़क पर हैं। यहां भी जगह की कमी नहीं है। प्रशासन ठीक से डीपीआर तैयार कराए।
अध्यक्षता करते हुए अक्षय कुमार राय ने कहा कि अगर हमारी समस्या को नहीं सुना गया तो लड़ाई रुकेगी नहीं, प्रशासन के मुकदमों से हम पीछे नहीं हटेंगे। तय हुआ कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मुलाकात करेगा। पार्क और प्रतिमा को अन्यत्र स्थानांतरित न करने का निवेदन करेगा।
अन्यथा की स्थिति में क्रमिक अनशन किया जाएगा। संचालन विनोद कुमार राय ने किया। सभा को कमलदेव सिंह, अंजनी राय, रमाशंकर राय, अवधेश ठाकुर, गायक गोपाल राय, रोहिणी पांडेय, सर्वदेव राय, विभव शंकर ठाकुर आदि मौजूद रहे।