सुखपुरा। स्थानीय सीएचसी के संचालन की मांग को लेकर शहीद स्मारक पर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना स्थगित हो गया है। 40 दिन में सीएचसी शुरू करने का आश्वासन मिला है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी के प्रतिनिधि शुक्रवार को पहुंचे। धरनारत लोगों को 40 दिन में काम शुरू कराने का आश्वासन दिया। सुखपुरा में करोड़ों की लागत से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकर तैयार है, लेकिन इसका संचालन नहीं हो रहा। इसको देखते हुए क्षेत्रीय लोगों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने के साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी का पुतला दहन भी किया था। करीब डेढ़ दर्जन युवकों पर मुकदमा भी हुआ। इसके बाद भी अस्पताल चालू नहीं किया गया। इसके बाद युवाओं ने अनिश्चितकालीन धरना शहीद स्मारक पर शुरू कर दिया। धरने के दूसरे दिन शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने धरनारत छात्र नेताओं से बात कर जानकारी दी कि अस्पताल के लिए धन की संस्तुति हो गई है। उन्होंने ने डा. अभिषेक मिश्रा के नेतृत्व में सौरभ माथुर तथा मार्कण्डेय पाण्डेय को धरना स्थल पर भेजा। प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य महानिदेशक का पत्र सौंपते हुए 40 दिनों में काम शुरू कराने का आश्वासन दिया।
इन लोगों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से भी मोबाइल के माध्यम से बात कराई। तब धरना को 40 दिन के लिए स्थगित कर दिया गया। इस बाबत अमित सिंह, रोहित सिंह, सीन्टू यादव व प्रशान्त पाण्डेय ने बताया कि अगर 40 दिन में काम शुरू नहीं होता है तो वृहद रूप से आंदोलन किया जाएगा। आशीष सिंह, अभिजीत सत्यम, अनमोल गुप्ता, अनुराग पटेल, हिमांशु सिंह, अमन सिंह,अनीश आदि लोग उपस्थित रहे।