नगर के बेदुआ बंधा से शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर आबकारी विभाग का पुतला दहन करते मोहल्लेवास
बलिया। बेदुआ बंधे से सरकारी शराब की दुकान हटाने के लिए पिछले पांच दिनों से चल रहा क्रमिक अनशन शनिवार को उग्र हो गया। ग्रामीण संग महिलाओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। आबकारी विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शराब की दुकान के सामने पुतला दहन का प्रयास किया।
मौके पर पुलिस ने लोगों को रोकने का प्रयास किया। धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के हाथ से पुतला छीन लिया। इसके बाद जानकारी होने पर सिटी मजिस्ट्रेट मौके पहुंचे। महिलाओं ने उनसे बताया कि शराब की दुकान पर शराबियों के जमावड़े की वजह से परेशानी होती है। शराबी सड़क पर अर्धनग्न हालत में पड़े रहते हैं। पास में ही स्कूल, मंदिर और पुलिस चौकी है, फिर भी प्रशासन मौन है। लोगों ने कहा कि शराब की दुकानों को आबादी, स्कूल और मंदिर से दूर किया जाए।
सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम ने उत्तेजित भीड़ को समझाने और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। स्थानीय लोगों ने साफ कर दिया है कि जब तक शराब की दुकानें वहां से हट नहीं जातीं, तब तक आंदोलन थमेगा नहीं। इस मौके पर अजय आनंद ठाकुर, राम नारायण, लाल बहादुर, अमरजीत, संतोष कुमार, मोती जी, राम जी गुप्ता, जय प्रकाश गुप्ता, जितेंद्र, गौरी शंकर प्रसाद, प्रेम माली, नेत्रपाल, अजय ठाकुर आदि शामिल रहे।