दुबहर (बलिया)। थाना क्षेत्र के नगवां गांव में जमीन के विवाद को लेकर हुई 58 वर्षीय राजदेव पाठक की हत्या में पुलिस ने मंगलवार को मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी भी बरामद कर ली है। घटना के बाद गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है। नगवां गांव निवासी राजदेव पाठक रविवार की देर शाम पड़ोसी काशी यादव के दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान उनके पट्टीदार उत्कर्ष पाठक (35) वहां पहुंच गया। दोनों के बीच पहले से चले आ रहे जमीट्के विवाद और आपसी रंजिश के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गई।
आरोप है कि उत्कर्ष ने लाठी-डंडे और ईंट से हमला कर राजदेव को गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बाबा धाम गईं मृतक की पत्नी उर्मिला पाठक गांव लौट आईं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। पुत्र आलोक पाठक ने पिता को मुखाग्नि दी। थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल ने बताया कि मंगलवार को उपनिरीक्षक शुभेन्द्र सिंह, कांस्टेबल रवि मौर्य एवं कांस्टेबल प्रेमचंद यादव की टीम ने नगवां गांव में दबिश देकर आरोपी उत्कर्ष पाठक को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लाठी बरामद की।