फरवरी माह के पहले सप्ताह में केंद्र सरकार के भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा गाजीपुर से मांझी तक फोरलेन सड़क और चंद्रशेखर नगर से एससी कालेज चौराहे ओवरब्रिज के लिए भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे।
यह बातें बलिया संसदीय क्षेत्र के सांसद भरत सिंह ने नगर स्थित पीडब्ल्यूडी डाकबंगले में सोमवार को पत्र-प्रतिनिधियों से बातचीत के दौरान कहीं।
उन्होंने कहा कि भूतल परिवहन मंत्री से गंगा जलमार्ग के लिए गायघाट में बंदरगाह बनवाने की गुजारिश की जाएगी। साथ ही संसदीय क्षेत्र के सबसे बडे़ दो गांव रेवतीपुर और शेरपुर को जोड़ने के लिए पक्के पुल के निर्माण की मांग की जाएगी।
लेकिन यदि किसी कारणवश ऐसा संभव नहीं हो सका तो नौरंगा गंगा घाट पर पक्के पुल की मांग की जाएगी। ताकि नदी के दोनों तरफ के लोगों को आवागमन में सुविधा हो सके।
सांसद ने अपने द्वारा कराए गए विकास कार्य गिनाते हुए पत्रकारों से कहा कि 13 जून को भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावरचंद्र गहलौत के सहयोग से जिले के सैकड़ों नि:शक्तों को आधुनिक सहायक उपकरण वितरण किया जाना संभव हो सका।
वहीं 23 नवंबर को जिले में आए भारत सरकार के रेल मंत्री सुरेश प्रभाकर प्रभु एवं रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के सहयोग से जिले में रेल के विकास में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा। जिसमें छपरा से औडि़हार तक दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण के साथ ही गाजीपुर-बलिया के बीच के रेलवे स्टेशनों के विकास के लिए योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
इस मौके पर पूर्वमंत्री राजधारी सिंह, पूर्व विधायक भगवान पाठक, मंजू सिंह, विक्रम सिंह, राजीव मोहन चौधरी, नागेंद्र पांडेय आदि रहे।