नगर के अमृतपाली निवासिनी मृतका पूजा चौरसिया।फाइल फोटो, परिजन
- फोटो : स्वयं
बलिया /सिकंदरपुर। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण मानक विहीन निजी अस्पताल में एक और प्रसूता की मौत हो गई। 24 घंटे बाद भी विभाग ने कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं किया। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के न्यू दीप लोक निजी अस्पताल में सिजेरियन से प्रसव के दौरान प्रसूता पूजा चौरसिया 28 वर्ष की मौत हो गई। पति की तहरीर पर पुलिस ने डॉ. रश्मि राय पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सदर कोतवाली के अमृतपाली निवासी नीरज चौरसिया ने दी तहरीर में आरोप लगाया कि मेरी पत्नी पूजा चौरसिया को दूसरी डिलेवरी के लिए मायका मासूमपुर गई थी। 22 अगस्त को पूजा ने अपनी रिपोर्ट डॉक्टर रश्मि राय को दिखाई। उन्होंने छह-सात दिन में दर्द होने पर आकर दिखाने के लिए कहा था।
डॉक्टर ने नाॅर्मल डिलेवरी की बात कही थी। एक अक्तूबर को दर्द होने पर पत्नी पूजा निजी अस्पताल पर पहुंचीं। डॉक्टर रश्मि राय ने हालत गंभीर बताकर ऑपरेशन से प्रसव कराया।
कुछ देर बाद ज्यादा ब्लीडिंग होने पर डॉक्टर दोबारा ओटी में ले गई। हमलोग तबीयत खराब होने पर बार-बार रेफर करने की गुहार लगा रहे थे लेकिन चिकित्सक ने कहा कि सब ठीक है। कुछ देर बाद मुझे बताया कि पूजा को हार्ट अटैक आ गया है, इससे मौत हो गई।
नीरज ने लापरवाही से ऑपरेशन के दौरान नस काटने के कारण ज्यादा खून गिरने से मौत का आरोप लगाया। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने कहा कि मृतका के पति की तहरीर पर महिला चिकित्सक पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।