बलिया जिला अस्पताल में ओवर लोड के कारण केबल जलने से दो घंटे बिजली सप्लाई बाधित रही। इस बीच जनरेट से इमरजेंसी सेवा की सप्लाई चालू रही। गर्मी व उमस में मरीज व तीमारदार बेहाल रहे। इस दौरान ट्रामा सेंटर में भर्ती मरीज के एक तीमारदार ने इस परेशानी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पोस्ट पर तमाम लोगों ने खराब स्वास्थ्य व्यवस्था की बात कही।
जिला अस्पताल परिसर के चिकित्सकों व कर्मचारी के आवासों पर एक से अधिक एसी का प्रयोग हो रहा है। जिसके कारण अस्पताल की बिजली ओवर लोड चल रही है। मंगलवार की रात ओवर लोड के कारण 440 केवी का केबल जल गया। जिससे इमरजेंसी, मेडिकल वार्ड, आक्सीजन प्लांट, ट्रामा सेंटर, हड्डी वार्ड, सर्जिकल वार्ड सहित आवासों की बिजली गुल हो गई।
कुछ देर बाद गर्मी से बेहाल मरीजों व तीमारदारों के हंगामा करने पर अस्पताल कर्मचारियों ने लाइनमैन को फोन किया। मौके पर पहुंचे लाइनमैन में जांच की तो ट्रांसफार्मर से अस्पताल को जाने वाला केबल ओवर लोड के कारण जल गया था। किसी तरह उसे जोड़ा गया। इसी बीच कर्मचारियों ने जनरेटर चालू कर इमरजेंसी व्यवस्था को चालू रखा।
करीब दो घंटे बाद अस्पताल की बिजली सप्लाई चालू होने के बाद मरीजों, तीमारदारों व चिकित्साकर्मियों ने राहत की सांस ली। इस बाबत सीएमएस डॉक्टर सुजीत कुमार यादव ने कहा कि रात में केबल जलने से लाइन बाधित हुई थी। लेकिन जनरेट से सप्लाई चालू कर दी गई। ओवरलोड खत्म करने के लिए बिजली निगम को पत्र दिया गया है, उसके बावजूद उनके द्वारा लापरवाही बरती जा रही है।