बलिया। तेज हवा और लगातार बारिश ने जिले की बिजली व्यवस्था को बेपटरी कर दिया है। पेड़ों की डालियां तारों पर गिरने, इंसुलेटर पंचर होने और भूमिगत केबल में खराबी आने से कई विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े गांवों में आपूर्ति ठप हो गई है। कहीं 12 घंटे तो कहीं 36 घंटे से बिजली नहीं आ रही है। वहीं, हल्दी क्षेत्र के तीन गांवों में 50 घंटे से बिजली गुल है। बिजली संकट के चलते हजारों परिवारों के सामने पेयजल, मोबाइल चार्जिंग और रोजमर्रा के कामकाज का संकट खड़ा हो गया है। बिजली विभाग के कर्मचारी फॉल्ट खोजने और आपूर्ति बहाल करने में जुटे हैं।
नरहीं : तेज हवा और बारिश से विद्युत उपकेंद्र कैथवली से जुड़े 29 गांवों की बिजली 12 घंटे से बाधित है। वहीं, बसंतपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े 38 गांवों में 14 घंटे से आपूर्ति ठप है। भरौली निवासी अमित उपाध्याय, अंजनी कुमार राय और अरविंद ने बताया कि बृहस्पतिवार रात 10 बजे से बिजली नहीं आ रही है। नरहीं निवासी विजय श्रीवास्तव के अनुसार, शुक्रवार रात 2:40 बजे बिजली गुल हुई, जो दोपहर तक बहाल नहीं हो सकी। कैथवली विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता उमेश पाल ने बताया कि तेज हवा और बारिश के कारण मुख्य आपूर्ति लाइन में फॉल्ट आया है। कर्मचारियों को फॉल्ट खोजने में लगाया गया है। शाम तक आपूर्ति बहाल होने की संभावना है।
केस -1
बैरिया क्षेत्र में गंगापुर, नारायणगढ़, सुरेमनपुर, दुर्जनपुर, श्रीनगर समेत करीब डेढ़ सौ गांवों की बिजली 36 घंटे से बाधित है। रेलवे लाइन के नीचे से गुजरने वाली भूमिगत केबल बृहस्पतिवार को क्षतिग्रस्त हो गई। करीब दो लाख की आबादी अंधेरे में रहने को मजबूर है। सहायक अभियंता हंसराज यादव ने बताया कि लाइनमैन और अन्य कर्मचारी फॉल्ट ठीक करने में जुटे हैं।
केस -2
अवायां विद्युत उपकेंद्र से संचालित सोनाडीह फीडर की बिजली व्यवस्था भी चरमरा गई है। बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे से बिजली गुल है। शुक्रवार शाम पांच बजे तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। अवर अभियंता राम विलास खरवार ने बताया कि फॉल्ट के कारण आपूर्ति बाधित है। कर्मचारी लगातार खराबी तलाश रहे हैं।
केस -3
सोनवानी विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत बसुधरपाह, पुरास और पिंडारी गांवों में 50 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है। चंद्रदेव मिश्र, रजनी तिवारी, उदय यादव, विप्लव पांडेय, राजेश पांडेय और संजीव पटेल ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
बारिश व हवा के कारण बिजली की तार टूटने व पेड़ की डालियां गिरने के बाद कुछ इलाकों में सप्लाई बाधित रही है। बारिश खुलते ही लाइनमैन फाल्ट दूर करने में लगे हुए है। 60 प्रतिशत तक सप्लाई चालू कर दी गई है। देर रात तक सप्लाई हर क्षेत्र में चालू होने की उम्मीद है।-इं. ऋषिकेश यादव, एक्सईएन विद्युत वितरण खंड, नगर।