लालगंज। शिवपुर घाट पर पक्का पुल बनाने का कार्य इसी सप्ताह में शुरू होगा। इसके लिए लिए तैयारियां जोरों पर हैं। सेतु निगम द्वारा अब कर्मचारियों को रहने का इंतजाम किया है और कार्य में लगने वाले मशीनें भी घाट पर आने लगी हैं।
शिवपुर घाट पर बनने वाला पक्का पुल के निर्माण का कार्य इसी सप्ताह में शुरू कर दिया जाएगा। यह जानकारी सेतु निगम के अभियंता रोहित अग्रवाल ने देते हुए बताया कि पिलर संख्या 14 से इसकी शुरुआत की जाएगी, जो कि गंगा उस पार नदी के किनारे पर पड़ेगा। बताया कि इसके लिए विभाग से जनरेटर और कटिंग एज मौके पर पहुंच गया है और कर्मचारियों के रहने के लिए टीन शेड के साथ ही अन्य इंतजाम कर दिए गए हैं। पक्का पुल निर्माण शुरुआत का दिन तो नहीं बताया पर उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि 14 नंबर पिलर बनाने का कार्य तीन से सात फरवरी के बीच जरूर शुरू हो जाएगा।
वर्ष 2016 में शिवपुर घाट पर पक्का पुल बनाने की घोषणा तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने की थी। तब से लेकर आज तक इस पुल को बनाने के कयास लग रहे थे। पिछले दिनों बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह ने भी एक सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि शिवपुर घाट पर बनने वाले पुल के लिए धन निर्गत हो चुका है। बहुत प्रतीक्षा के बाद अब पुल के निर्माण की शुरुआत होने से क्षेत्रीय लोगों को अब लगने लगा है कि यह पुल बनकर तैयार हो जाएगा और बिहार से यह क्षेत्र भी सीधे रूप से जुड़ जाएगा जो खेती से लगायत रोजगार का अवसर देगा।