बैरिया। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में चार ग्राम पंचायतों के आठ मतदेय स्थलों को नए स्थानों पर स्थानांतरित किए गए हैं। जिससे कुछ लोग परेशान हैं तो कुछ लोगों में इसको लेकर खुशी है।
मतदान केंद्र संख्या 64 के बूथ संख्या 177 का मतदेय स्थल जूनियर हाईस्कूल सोनकीभांट से प्राथमिक विद्यालय काकन टोला स्थानांतरित कर दिया गया है। जहां वार्ड संख्या आठ, नौ, 10 के मतदाता मतदान करेंगे। जबकि अधसिझुआ के प्राथमिक पाठशाला का बूथ संख्या 58 गुमानी के डेरा के प्राथमिक विद्यालय पर स्थानांतरित कर दिया गया है। जहां वार्ड संख्या एक से छह तक के मतदाता मतदान करेंगे। गंगा में विलीन केहरपुर के मतदान केंद्र संख्या 56 के बूथ संख्या 188, 189, 190 व 191 को लालकृष्ण एकादमी नई बस्ती में स्थानांतरित कर दिया गया है। पूरा ग्राम पंचायत यहीं मतदान करेगा। वहीं इब्राहिमाबाद ऊपरवार के मतदान केंद्र संख्या 31 के बूथ संख्या 86 व 87 को जूनियर हाईस्कूल टोला फकरुराय स्थानांतरित कर दिया गया है। दतहां के एक बूथ को स्थानांतरित करने के लिए रिपोर्ट जिला निर्वाचन अधिकारी को उपजिलाधिकारी बैरिया द्वारा प्रेषित किया गया था। लेकिन कागजी कोरम में त्रुटि होने के कारण यह मतदान केंद्र स्थानांतरित नहीं हो सका है। उपजिलाधिकारी प्रशांत कुमार नायक ने बताया कि लोगों को सुविधाजनक तरीके से मतदान का अवसर मिले यह सोच कर मतदान केंद्र स्थानांतरित किए गए हैं। जबकि कई लोगों का आरोप है कि कुछ दबंग अपने प्रभाव का दुरुपयोग करके मतदान केंद्रों का स्थानांतरण करवाए हैं।