छठ पूजा को देखते हुए रेलवे ने लगभग आधा दर्जन पूजा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू कराया है। बावजूद इसके ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ हो रही है। स्लीपर कोचों की स्थिति यह है कि जितने लोग आरक्षित सीटों पर यात्रा कर रहे हैं उससे अधिक वेटिंग टिकट पर यात्रा कर रहे हैं।
वराणसी-बलिया-सुरेमनपुर-छपरा मार्ग पर चलने वाली ट्रेनों में पूजा स्पेशल 09033 अप छपरा से उधना, 09034 उधना से छपरा, 09193 छपरा से पनवेल, 09194 पनवेल से छपरा, 03515 बलिया से दिल्ली, 03516 दिल्ली से बलिया, 01026 बलिया से दादर व 01025 दादर से बलिया के बीच संचालित हो रही है। वहीं कुछ अन्य ट्रेनें इसी रास्ते महानगरों से बरौनी व अन्य बड़े स्टेशनों के बीच चल रही है। इन ट्रेनों का टिकट सामान्य ट्रेनों से अधिक है।
सामान्य एक्सप्रेस ट्रेन में स्लीपर कोच का सुरेमनपुर से दिल्ली का किराया 470 रुपये है जबकि पूजा स्पेशल ट्रेन में यात्रियों को इसी टिकट के लिए 600 रुपये देना पड़ रहा है। वहीं एसी थर्ड कोच में सामान्य मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में 1320 रुपये के जगह सुरेमनपुर से दिल्ली के लिए यात्रियों को 1620 रुपये देना पड़ रहा है।
एसी सेकेंड में सामान्य एक्सप्रेस/मेल ट्रेनों में 1795 रुपये का टिकट लगता है जबकि स्पेशल ट्रेन में 2210 रुपये का टिकट लेना पड़ रहा है।
इसी तरह बलिया से दादर के लिए सामान्य मेल/एक्सप्रेस ट्रेन में स्लीपर क्लास के टिकट के लिए 660 रुपये रेलवे लेता है जबकि पूजा स्पेशल ट्रेन में 875 रुपये का टिकट लेना पड़ता है। एसी थर्ड में सामान्य मेल/एक्सप्रेस ट्रेन में 1740 रुपये का टिकट लगता है जबकि पूजा स्पेशल में इसी टिकट का रेलवे 2230 रुपये वसूल रही है। एसी सेकेंड कोच में बलिया से दादर के लिए सामान्य मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में 2525 रुपये का टिकट लेना पड़ता है जबकि पूजा स्पेशल ट्रेन में 3125 रुपये रेलवे वसूल रहा है। बावजूद इसके ट्रेनों में यात्रा करने के लिए मारामारी हो रही है। इस बाबत वाणिज्य अधीक्षक कमलेश कुमार मीणा ने बताया कि किराया निर्धारण करने का कार्य रेलवे बोर्ड करता है।