सुखपुरा थाना पुलिस ने बुधवार की रात पिकअप में 134 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद किया। मौके का फायदा उठाकर चालक सहित तस्कर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार पकड़ी गई शराब की कीमत करीब आठ लाख रुपये है।
प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरिपुर की तरफ से एक पिकअप पर अवैध शराब ले जायी जा रही है। प्रभारी निरीक्षक ने अलग-अलग दो टीम गठित कर हरिपुर गांव में व नहर के रास्ते पर नाकाबंदी कर तस्करों का इन्तजार करने लगे। कुछ दूरी पर एक गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस की घेराबंदी देख पिकअप चालक सहित शराब तस्कर हरिपुर मन्दिर के समीप गाड़ी छोड़ अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल हो गए। पिकअप में 134 पेटी अंग्रेजी शराब थी। पुलिस गाड़ी थाने लेकर आई। जहां गाड़ी मालिक, चालक नाम पता अज्ञात समेत दो तस्करों सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया है।