हल्दी क्षेत्र के बसुधरपाह गांव में जलकुंभी से पटा पोखरा। संवाद
हल्दी। बेलहरी विकास खंड के पिंडारी गांव के पुरवा बसुधरपाह स्थित मुख्य सार्वजनिक तालाब पिछले 20 वर्षों से सफाई न होने के कारण पूरी तरह जलकुंभी से पट चुका है।
ग्रामीणों का आरोप है कि मनरेगा पोर्टल पर इस तालाब की गाद निकासी और जीर्णोद्धार के कई कार्य पूर्ण दिखाकर लाखों रुपये खर्च दर्शाए गए हैं, जबकि धरातल पर कोई काम नहीं हुआ है। कुछ लोगों ने बिना मजदूरी किए खातों में पैसे पहुंचने का भी आरोप लगाया है। वर्ष 2004 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव द्वारा आदर्श गांव घोषित किए जाने के बाद यहां लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से सुंदरीकरण कराया गया था, जो अब बदहाल है। आगामी छठ महापर्व पर व्रती महिलाओं को होने वाली परेशानियों को देखते हुए ग्रामीणों ने बीडीओ और जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर तत्काल सफाई की मांग की है।
साथ ही, मनरेगा कार्यों के स्थलीय सत्यापन और गड़बड़ी मिलने पर जांच व वसूली की गुहार लगाई है। मामले पर बीडीओ बेलहरी प्रहलाद कुमार ने कहा कि शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी और तालाब की खोदाई के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। संवाद