बेल्थरारोड। नगर के मुख्य सड़क की पटरियों पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस ने अभियान चलाया। इसके तहत पटरियों से अवैध कब्जा हटवाया गया। साथ ही अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान नगर में हड़कंप की स्थिति रही।
उभांव थानाध्यक्ष योगेंद्र बहादुर सिंह और सीयर चौकी प्रभारी राजकुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान में पटरियों से अतिक्रमण हटाया गया। थानाध्यक्ष ने पटरी दुकानदारों को अपने दुकान के सामान को पटरियों तक नहीं फैलाने की चेतावनी दी। ठेले, खोमचे वालों को स्थाई रूप से पटरियों पर काबिज न रहते हुए घूम फिर कर अपना सामान बेचने की नसीहत दी। इस दौरान पटरियों पर खड़े बेतरतीब दुपहिया वाहन स्वामियों को वाहन खड़ा नहीं करने की सख्त हिदायत दी। चरण सिंह त्रिमुहानी से रेलवे चौराहे तक पुलिस ने अवैध अतिक्रमण हटवाया। चौकी प्रभारी ने कहा कि अतिक्रमण हटाने के बाद यदि पुन: उसी स्थान पर अतिक्रमण पाया गया तो अतिक्रमणकारी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान से अवैध अतिक्रमण कार्यों में खलबली मची रही।