बलिया। जिले में पेट्रोल-डीजल की किल्लत का दौर थमने का नाम नहीं ले रही। प्रशासन के दावा के बाद भी संकट बना हुआ है। शुक्रवार को दोपहर की कड़ाके की धूप में भी लोग कतार में खड़े होकर बाइक में पेट्रोल के लिए जूझते रहे। कई पंपों पर चार घंटे के बाद ही स्टाक खत्म हो गया है। डीजल व पेट्रोल के लिए लोग इस पंप से उस पंप मंडराते रहे। शहर के चित्तू पांडेय पर केवल पेट्रोल का स्टाक था, जिसके लिए काफी संख्या में वाहनों की कतार लगी रही।
रामपुर व एनसीसी तिराहा पर नो तेल का बोर्ड लगा रहा। बहेरी, कदम चौराहा, हनुमानगंज स्थित पंप पर स्टाक न हाेने से मशीन का पर्दा उठा ही नहीं। जीराबस्ती पंप पर डीजल व पेट्रोल के लिए दोपहर में लोग धूप में घंटों कतार में लगे रहे। भीड़ को देखते हुए पुलिस को कमान संभालना पड़ा। वहीं, चित्तू पांडेय क्रॉसिंग मार्ग पर एक टैंकर तेल सुबह आया लेकिन चार घंटे में ही खत्म हो गया। इसी प्रकाश सुबह तक तो कई पेट्रोल पंपों पर महज घंटे भर में ही ईंधन का स्टॉक खत्म हो गया। इससे आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ किसानों को भी डीजल न मिल पाने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ पंपों पर एक घंटा वितरण के बाद ईंधन समाप्त होने की बात कहकर वितरण बंद कर दिया। धूप के बावजूद कतार में खड़े लोगों को डीजल व पेट्रोल जल्द ही खत्म होने के कारण हताश व मायूस हो तेज धूप में दूसरे पंपों तक जाने की परेशानी उठाना पड़ी।
डीजल की किल्लत से सबसे ज्यादा परेशानी किसानों को उठाना पड़ रही है। डीजल के बिना पंप न चलने से खेतों की सिंचाई तक नहीं हो पा रही है। तेज धूप में फसल सूखने लगी है। किसान हृदया वर्मा ने बताया कि सब्जी की सिंचाई बेहद जरूरी है, लेकिन तीन दिनों से लगातार चक्कर लगाने के बावजूद डीजल नहीं मिल सका। तीखी धूप के कारण फसलें सूख रही है।
कतार में खड़े होने के बाद भी नहीं मिला डीजल-पेट्रोल
रतसर। क्षेत्र में स्थित पेट्रोल पंपों पर डीजल -पेट्रोल की अनुपलब्धता से लोग परेशान है। शुक्रवार को क्षेत्र के पचखोरा पटपर और स्थानीय कस्बा स्थित पेट्रोल पंप पर अपना वाहन खड़ाकर लोग फ्यूल के लिए इंतजार करते दिखे इन पेट्रोल पंपों पर घंटे दो घंटे ही वितरण को बाद नो डीजल, नो पेट्रोल की तख्ती टंग गई। स्थानीय कस्बा स्थित इंडियन आयल के पेट्रोल पंप पर गुरुवार की रात्रि एक टैंकर डीजल और पेट्रोल लेकर पहुंचा लेकिन टैंकर में 120 लीटर पेट्रोल कम होने की बात कर पेट्रोल टंकी संचालक द्वारा उस टैंकर को अनलोड नही कराया गया और 120 लीटर पेट्रोल की कीमत की अदायगी को लेकर टैंकर चालक व पेट्रोल टंकी संचालक के बीच वार्ता होती रही। दोपहर तक कोई हल नही निकला। इधर पेट्रोल टंकी पर डीजल-पेट्रोल के लिए लोगों की भीड़ लगी रही ।
वर्जन
डीजल-पेट्रोल के टैंकर कंपनियों की तरफ से लगातार भेजे जा रहे हैं। कुछ जगहों पर वितरण का कार्य चल रहा है। कंपनियों से लगातार संपर्क कर अधिक से अधिक टैंकरों को छोड़ने का आग्रह किया जा रहा है, जिससे वितरण व्यवस्था जारी रहे। डीजल-पेट्रोल की कमी नहीं होगी। इसके लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है। - देवमणि मिश्रा, जिला पूर्ति अधिकारी।