जयप्रकाशनगर। डेढ़ दर्जन बैल लदे ट्रक को बैरिया पुलिस ने उस समय पकड़ लिया जब चालक युवाओं व पुलिस के पीछा करने के कारण जयप्रभा सेतु के पास स्टार्ट गाड़ी को छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने बैलों को पशुपालकों की सुपुर्दगी में देते हुए ट्रक व अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
बैरिया थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 31 बैरिया मांझी मार्ग पर स्थित जिन्न बाबा के स्थान के समीप सोमवार की सुबह क्षेत्र के कर्ण छपरा गांव के युवक भर्ती के लिए दौड़ आदि लगा रहे थे। इसी बीच बैरिया से मांझी की तरफ आता हुआ एक ट्रक दिखाई दिया जिसपर गोबर लगा देख युवाओं द्वारा रोक कर पूछा गया कि क्या लदा है। तो ट्रक चालक लकड़ी बताते हुए भाग निकला। इसके बाद युवाओं ने उसका पीछा करते हुए चांददीयर चौकी प्रभारी सूरज सिंह को सूचना दी जिसके बाद वह भी पीछा करना शुरु कर दिए। संयोग रहा कि जयप्रभा सेतु के निकट काफी संख्या में सामने से ट्रक आ रहे थे जिसे देख पशु तस्कर अपने आपको फंसता देख स्टार्ट ट्रक को छोड़ कर भाग निकले। मौके पर पहुंचे प्रभारी ने ट्रक को कब्जे में लेकर थाने में ले गए। ट्रक पर कुल डेढ़ दर्जन बैल लादे गए थे। पुलिस ने बैल को आसपास के पशुपालकों को सुपुर्दगी में दे दिया और ट्रक व अज्ञात चालक के खिलाफ गोवध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।