नगर के श्री मुरली मनोहर टाउन स्नातकोत्तर
महाविद्यालय में मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव के दौरान नारेबाजी करने से
रोकने पर छात्रों ने पुलिस पर पत्थर फेंके।
इसके बाद पुलिस कर्मियों ने
छात्रों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। फिर पुलिस ने छात्रों को खदेड़ दिया।
मंगलवार
को छात्रसंघ चुनाव को लेकर सभी उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ शक्ति
प्रदर्शन में जुटे थे। वोट पाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे थे।
इसी
दौरान छात्रों के एक गुट ने जुलूस निकालकर नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने
जब रोकने की कोशिश की तो झड़प हो गई। कुछ छात्रों ने पुलिस पर पथराव कर
दिया।
पुलिस ने भी हल्का बल प्रयोग करते हुए छात्रों को दौड़ा लिया। कई
छात्रों की पिटाई की गई। छात्र और पुलिस के बीच संघर्ष में कई बार पुलिस को
पीछे हटना पड़ा। बाद में मौके पर पहुंचे
सिटी मजिस्ट्रेट रामसिंह वर्मा
तथा सीओ सिटी डीपी सिंह, सीओ सदर पीयूष कुमार सिंह, कोतवाल अजय राय, फेफना
थानाध्यक्ष श्यामजी यादव, गड़वार थानाध्यक्ष नीरज पाठक, चितबड़ागांव एसओ
जेबी सिंह तथा हल्दी एसओ अरुण कुमार दूबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने
छात्रों को खदेड़ दिया।