बैरिया। बैरिया-बलिया बस स्टैंड के निकट एक निजी क्लीनिक में कंपाउंडर बिहार के अभिमन्यु सिंह को बिहार के आरा जनपद अंतर्गत नवादा थाना के पुलिसकर्मियों ने हत्या व हत्या के साजिश के मामले में रविवार को बैरिया पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त बिहार के आरा भोजपुर स्थित महावीर टोला में एक अस्पताल का संचालन करता था। इलाज के दौरान एक महिला की मौत चिकित्सक व अस्पताल संचालक की लापरवाही के कारण हुई थी। मामले में मृतका रजनी देवी के पति उपेंद्र चौधरी निवासी सेदहा, थाना तरारी, जिला भोजपुर की तहरीर पर पिपरा दुलारपुर, थाना गड़हनी (अगियावं) निवासी अस्पताल संचालक अभिमन्यु सिंह के खिलाफ हत्या, हत्या की साजिश में मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोपी बिहार से भाग कर बैरिया थाना अंतर्गत बैरिया-बलिया बस स्टैंड के निकट एक निजी चिकित्सालय में काम करने लगा। बिहार पुलिस बैरिया से गिरफ्तार कर आरोपी को ले गई। एसएचओ बैरिया राकेश कुमार सिंह ने बताया कि बिहार में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। उसे पुलिस गिरफ्तार कर ले गई है।