बलिया। शुक्रवार की रात रसड़ा पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के चार
सदस्यों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान वाहन चोर गिरोह के सदस्य
चोरी की बाइक को वहां से ले जाकर बेचने की तैयारी कर रहे थे।
शनिवार को
खुलासा करते एसपी राजू बाबू सिंह ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ
की गई है। उनसे कई सुराग पुलिस को हाथ लगे हैं। इस पर पुलिस आगे की
कार्रवाई करेगी। एसपी ने बताया कि ये चोरी की बाइक से लूट, छिनैती, चोरी
आदि की घटनाओं अंजाम देते रहे हैं। जिले के साथ ही गैर जनपदों में भी अंजाम
देते थे।
एसपी ने बताया कि रसड़ा सीओ सुरेश चंद रावत को मुखबिर से
सूचना मिली कि कुछ अपराधी बाइक लेकर किसी बडे़ घटना को अंजाम देने जा रहे
हैं। इस पर सीओ सुरेश चंद्र रावत के नेतृत्व में कोतवाल संदीप कुमार सिंह
तथा कई दारोगा की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर शुक्रवार की रात में 9.30
बजे तिराहीपुर पुल के पास लखनेश्वर डीह मंदिर पास स्थित तिराहे से चार वाहन
चोरों को पुलिस ने धर दबोचा।
पुलिस ने पकड़े गए अपराधियों को संबंधित
धाराओं में चालान कर दिया। पुलिस की पूछताछ के दौरान बदमाशों ने स्वीकार
किया कि चोरी के वाहनों को बेचने के लिए गाजीपुर जनपद में ले जा रहे थे।
पकड़े गए अंतरजनपदीय चोर गिरोह के सदस्यों में मऊ जनपद के थाना दक्षिण टोला
के सनेगपुर निवासी ओमप्रकाश यादव, रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के कोटवारी
निवासी जितेंद्र कुमार, थाना चितबड़ागांव के टीका देवरी निवासी राजेंद्र
राम तथा ग्राम कोड़रा निवासी मुन्ना राजभर के खिलाफ संबंधित धाराओं में
मुकदमा पंजीकृत कर चालान किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ओमप्रकाश
और जितेंद्र पर गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाने में मुकदमा दर्ज है। इसके
साथ ही रतनपुरा निवासी मोनू दूबे का अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का गैंग है।
यह जनपद के साथ गैर जनपदों में वाहनों की चोरी कर फर्जी कागजात तैयार कर
उसे बेचने का काम करते हैं।