पंदह। खेजुरी थाना क्षेत्र के मासूमपुर गांव में टाट बांधने को लेकर दिनेश राम और सीताराम राम के बीच हुए विवाद में पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगा है। सीताराम का आरोप है कि पुलिस ने दबाव में आकर एकतरफा कार्रवाई की है और उनकी तहरीर को दरकिनार किया जा रहा है। शनिवार को दिनेश राम और सीताराम के बीच टाट बांधने को लेकर कहासुनी हुई थी। मामला बढ़ने से दोनों ओर से लाठी-डंडे चल गए। झगड़े में दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण भी कराया। सिर्फ दिनेश राम की पुत्री नेहा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया, जबकि सीताराम पक्ष की तहरीर लेने के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। आरोप है कि सीताराम पक्ष ने दो बार लिखित तहरीर दी बावजूद पुलिस टालमटोल कर रही है। पीड़ित ने उच्चाधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप करते हुए निष्पक्ष जांच और एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।
मैंने सहूलियत के लिए दूसरे पक्ष का मेडिकल कराया था। अपने स्तर से क्राॅस मुकदमा दर्ज नहीं कर सकता। क्षेत्राधिकारी से आदेश करा कर लाएं तभी मुकदमा दर्ज किया जाएगा। - मिथिलेश कुमार, थानाध्यक्ष खेजुरी।