उभांव थाना क्षेत्र के हल्दीरामपुर स्थित एक पोखरी में बुधवार को अपरान्ह स्नान कर रहे दो बालकों की डूबकर मौत हो गई जबकि चरवाहों ने एक बालक को बचा लिया। उसका इलाज सीयर स्थित सीएचसी पर कराया गया।
हल्दी रामपुर स्थित एक पोखरी में दीपक (06) पुत्र श्रवण, पवन (07) पुत्र जीउत और संवरू (06) पुत्र रमेश स्नान कर रहे थे। इस दौरान तीनों बालक गहरे पानी में डूबने लगे। वहीं पास में पोखरी के किनारे भैंस चरा रहे चरवाहों की नजर पोखरी में डूब रहे बालकों पर पड़ गई।
एक दूसरे को आवाज देते हुए चरवाहों ने बालकों को बचाने के लिए पोखरी में छलांग लगा दी। काफी प्रयास के बाद भी दीपक और पवन को नहीं बचाया जा सका और दोनों की डूबने से मौत हो गई।
जबकि चरवाहों ने संवरू को पानी से बाहर निकाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया। जहां उसका इलाज जारी है। दो बालकों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया। एसडीएम रामानुज सिंह और थाना प्रभारी निरीक्षक नन्हें राम सरोज ने मौके मुआयना कर पीड़ित परिवार को प्रति गहरी संवेदना प्रकट की।