पंदह। पीएम श्री योजना के तहत चयनित विद्यालयों में आधुनिक कक्षाएं, विज्ञान प्रयोगशालाएं, आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लास और पुस्तकालय स्थापित किए गए हैं। अब तक इन परिसरों की सुरक्षा के लिए कोई स्थायी व्यवस्था नहीं थी। अब जिले के 26 पीएम श्री विद्यालयों में अब प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवान तैनात किए जाएंगे। प्रत्येक विद्यालय में दो-दो सुरक्षा गार्ड लगाए जाएंगे, जिससे विद्यालय परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हो सकेगी।
शासन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत मार्च 2026 तक चार माह की अवधि के लिए कुल 24.96 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इस योजना के तहत जिले में 52 पीआरडी जवानों की तैनाती होगी। प्रति सुरक्षा कर्मी को 12 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। इस प्रकार चार माह के लिए प्रति जवान 48 हजार रुपये के हिसाब से कुल बजट तय किया गया है, जिसे विद्यालयवार आवंटित किया जाएगा।
शासनादेश के अनुसार पीआरडी और बेसिक शिक्षा विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर विद्यालयवार सूची तैयार की जाएगी। सुरक्षा कर्मियों के कार्य समय, उपस्थिति, निगरानी और रिपोर्टिंग व्यवस्था भी स्पष्ट रूप से तय की गई है। विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) और प्रधानाध्यापक तैनात जवानों के दायित्व निर्वहन की नियमित निगरानी करेंगे।